मंगलवार को बंदी के दिन दुकान पर सामान उतरवाने से नाराज हुए थे दरोगा
गोरखपुर। व्यापारी को थप्पड़ मारने के आरोपी कोतवाली थाने में तैनात दरोगा अरविंद कुमार राय को एसएसपी ने शुक्रवार को लाइन हाजिर कर दिया। शिकायत के बाद जांच में घोर लापरवाही मिलने पर एसएसपी ने आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के मियां बाजार स्थित अनन्या इलेक्ट्रॉनिक के मालिक अमित गुप्ता मंगलवार को बंदी होने की वजह से दुकान का सामान उतरवा रहे थे। आरोप है कि तभी कोतवाली थाने की गाड़ी से पहुंचे दरोगा अरविंद कुमार राय ने गाड़ी से उतरते ही मालिक अमित गुप्ता को बिना कारण पूछे थप्पड़ मार दिया। जब दुकान मालिक ने इसका विरोध किया तो उनके साथ गली-गलौज शुरू कर दी। घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था। इस घटना को लेकर नाराज व्यापारी कार्रवाई के लिए एसएसपी से भी मिले थे।