झंगहा इलाके में ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर घायल हो गया था युवक, चालक हिरासत में
केजीएमयू लखनऊ में चल रहा था इलाज, 30 अप्रैल को हुई थी शादी
झंगहा। इलाके के 20 नंबर बोरिंग के पास 18 मई को ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर ब्रह्मपुर के अवरहिया टोला निवासी बृजेश निषाद (22) की केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान शनिवार देर रात मौत हो गई। सूचना मिलने पर नाराज ग्रामीणों ने रविवार सुबह छह बजे चौरीचौरा-नई बाजार मार्ग जाम कर दिया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क से हटाया और आवागमन शुरू कराया। ग्रामीणों की मांग पर झंगहा पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर चालक मनीष यादव को हिरासत में ले लिया। वहीं तहरीर बदलवाने के आरोप में प्रधान से भी पूछताछ की जा रही है। मृतक के पिता बलदेव की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सभा ब्रह्मपुर के अवरहिया टोला निवासी बृजेश निषाद (22) 18 मई को बाइक से पलिपा जा रहे थे। 20 नंबर बोरिंग के पास मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ठोकर मार दी, जिसमेें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घरवालों ने बृजेश का इलाज एक निजी हॉस्पिटल में चार दिन तक कराया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के केजीएमयू रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान शनिवार देर रात बृजेश की मौत हो गई। बृजेश की शादी महज 24 दिन पहले 30 अप्रैल को देवरिया जिले की अमरावती से हुई थी। युवक के परिवार में दो भाई मिथिलेश कुमार (22 वर्ष) और छोटी बहन सरिता (18) हैं।
अज्ञात पर केस दर्ज होने से नाराज थे परिजन
परिवार वाले शव लेकर घर पहुंचे और रविवार सुबह छह बजे शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इस दौरान झंगहा, चौरीचौरा पुलिस के साथ ही प्रशासन की टीम पहुंच गई। मृतक के पिता का आरोप था कि नामजद तहरीर दी गई थी। लेकिन, जंगल रसूलपुर नंबर दो के प्रधान ने तहरीर बदलवा दी। परिवार वालों ने प्रधान पर कार्रवाई की मांग की। चौरीचौरा तहसीलदार ने कहा कि तहसील स्तर पर सहयोग किया जाएगा। प्रधान को पुलिस थाने लेकर आई। इसी शर्त पर चार घंटे बाद ग्रामीण सड़क से हटे और जाम खुला। इस संबंध में झंगहा थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।