गोरखधाम एक्सप्रेस में भीड़ बढ़ी तो यात्रियों को रोका, रात में क्लोन ट्रेन से भेजा
भीड़ नियंत्रण को लेकर पहुंचे रेलवे बोर्ड के अफसर, दिनभर चला मंथन
दो घंटे पहले प्लेटफाॅर्म पर आई गोरखधाम एक्सप्रेस, आरपीएफ ने लाइन में लगवाकर चढ़ाया
गोरखपुर। दिवाली और छठ के बाद दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ती जा रही है। महाप्रबंधक के निर्देश पर रविवार को गोरखधाम एक्सप्रेस के छूटने के पहले पांच घंटे पहले अनारक्षित गोरखधाम क्लोन ट्रेन चलाई गई। गोरखधाम में भीड़ बढ़ने पर 100 से ज्यादा यात्रियों को रोक दिया गया। ये यात्री क्लोन ट्रेन से दिल्ली, हिसार और बठिंडा के लिए रवाना हुए। उधर, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के शौचालयों में लोग बैठे थे। इसी में पीने के लिए यात्रियों को दी जाने वाली पानी की बोतलें रेल नीर भी रखी थीं। भीड़ देख कई यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं सके।
गोरखपुर जंक्शन पर हो रही भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड के अधिकारी भी शनिवार रात दिल्ली से गोरखपुर पहुंचे और स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शाम को गोरखधाम एक्सप्रेस से चले गए। उधर, दिन में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चले मंथन में निर्णय लिया गया कि रात में दिल्ली के लिए गोरखधाम एक्सप्रेस की क्लोन ट्रेन चलाई जाए और उसमें सभी कोच जनरल श्रेणी के रहेंगे।
दोपहर में ट्रेन चलाने की घोषणा की गई और लगातार सूचनाएं प्रसारित की गई। एक साथ भीड़ न हो, इसके लिए गोरखधाम एक्सप्रेस को छूटने के दो घंटे पहले ही प्लेटफॉर्म पर लगा दिया गया। आरपीएफ ने लाइन लगवाकर यात्रियों को जनरल कोच में चढ़ाया।
बिहार से आने वाली सभी ट्रेनें फुल हो जा रही हैं। ऐसे में जनरल यात्रियों के सामने सिर्फ गोरखधाम एक्सप्रेस और कुछ स्पेशल ट्रेनों का ही सहारा है। लिहाजा यात्री इसी ट्रेन में सवार होना चाहते हैं। इसी मारामारी को देखते हुए रविवार को रात 9:20 बजे 02555 गोरखधाम क्लोन चलाई गई। इस ट्रेन से काफी संख्या में यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए।
वैशाली और बिहार संपर्कक्रांति के शौचालय में बैठे यात्री
रविवार को प्लेटफॉर्म एक पर आई वैशाली एक्सप्रेस और दो पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में जबरदस्त भीड़ थी। जनरल कोच के शौचालय में लोग बैठे नजर आए। स्टेशन पर बहुत सारे यात्री चढ़ ही नहीं सके। कुछ यात्री काफी मशक्कत के बाद कोच के गेट के पास किसी तरह खड़ा होकर गए। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। छूटे हुए सभी यात्रियों को गोरखधाम क्लोन से रवाना किया गया।
समस्तीपुर से यात्रा करने वाले चंदन कुमार ने बताया कि बैठने की बात छोड़िए, खड़े होने की जगह तक नहीं है। टॉयलेट जाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। वहीं लव कुमार ने कहा, एक घंटे से बाथरूम जाना है, टॉयलेट तक पहुंचना नामुमकिन है। स्थिति इतनी भयावह थी कि बोगी में घुसने की कोशिश में कई यात्री आपस में उलझते दिखे। दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाले गुड्डू यादव ने कहा कि जगह नहीं मिली, इसलिए टॉयलेट के रास्ते पर ही बैठकर यात्रा करनी पड़ रही है।
जिस लिफ्ट में फंसे थे, दूसरे दिन भी नहीं बनी
रेल प्रशासन भले ही सब कुछ ठीक होने का दावा कर ले लेकिन यात्रियों से जुड़ीं सुविधाएं बदहाल हैं। शनिवार को प्लेटफॉर्म पांच-छह पर लगी लिफ्ट में 10 यात्री फंस गए थे। रविवार को भी लिफ्ट खराब रही। रेल प्रशासन ने इसे ठीक नहीं कराया। बहुत सारे यात्री लिफ्ट खराब होने के चलते सामान के साथ सीढि़यों से गए। इस दौरान उन्हें काफी दिक्कतें हुईं। अभी भी लिफ्ट के दरवाजे पर अंडर मेंटेनेंस चस्पा किया गया है।
आज बठिंडा से चलेगी गोरखधाम क्लोन
02556 बठिंडा-गोरखपुर सुपरफास्ट क्लोन स्पेशल बठिंडा से रात 8:30 बजे प्रस्थान करेगी और दूसरे दिन नई दिल्ली से 03:25 बजे रवाना होकर गोरखपुर अपराह्न 3:55 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में एसएलआरडी के 02 तथा साधारण द्वितीय श्रेणी/शयनयान श्रेणी के 18 अनारक्षित कोच सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।
होल्डिंग एरिया में ट्रेन का इंतजार करते रहे यात्री
गोरखधाम एक्सप्रेस में भीड़ बढ़ने पर कोच में चढ़ नहीं पाने वाले यात्री होल्डिंग एरिया में आकर बैठ गए और रात में जाने वाली गोरखधाम क्लोन का इंतजार करते रहे। होल्डिंग एरिया में यात्रियों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सारी सुविधाएं दी गई हैं। होल्डिंग एरिया में ही टिकट बन रहा है और पीने का पानी, चाय आदि के इंतजाम किए गए हैं।