घंटाघर के पास विरासत गलियारा निर्माण को लेकर तोड़े जा रहे मकान एवं दुकान।
विरासत गलियारा : नार्मल तिराहा से घंटाघर तक तेजी से हटाया जा रहा मलबा, नाले की सफाई भी तेज
गोरखपुर। विरासत गलियारा में सड़क चौड़ीकरण के तहत अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है। नार्मल तिराहा से घंटाघर तक सड़क के दोनों किनारों पर गिरे मलबे को हटाने का कार्य तेज कर दिया गया है। दुकानदारों का कहना है कि सड़क चौड़ी होगी तो व्यापार भी बढ़ेगा। यह जरूरी भी है लेकिन सरकार हमारी भी चिंता करे।
घंटाघर के दुकानदार राजेश चौधरी ने कहा कि विकास के लिए कुछ नुकसान तो होगा लेकिन आगे चलकर इससे जाम की समस्या खत्म होगी और व्यापार बढ़ेगा। वहीं मनोज सिंह का कहना था कि मकान चौड़ीकरण की जद में न होते हुए भी रात में कुछ लोगों ने बिना सूचना तोड़फोड़ शुरू कर दी। नगर निगम का कोई अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। हम भी चाहते हैं विकास हो पर किसी के साथ अन्याय न होने पाए।
उधर, तोड़फोड़ के दौरान जाम हुए नालों की सफाई भी की जा रही है ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही बिजली के खंभों को विस्थापित कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।