मेंहदावल मार्ग पर बालूशासन के पास फैली हुई झाड़ियां । संवाद
संतकबीरनगर। वर्तमान समय में धीरे-धीरे ठंड बढ़ी है, जल्द ही कोहरा भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में हाईवे के किनारे उगीं बड़ी-बड़ी झाड़ियां और अवैध कट वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनेंगे। इसके चलते पिछले साल कई दुर्घटनाएं हुई थीं।
हालांकि प्रशासन ने यातायात को लेकर हुई बैठक में अवैध कट बंद करने और झाड़ियों की कटाई के निर्देश हैं। लेकिन हालात जस के तस हैं। जिले की सीमा राष्ट्रीय राजमार्ग टेमा रहमत से मगहर ओवरब्रिज तक पड़ता है।
इसकी कुल लंबाई करीब 25 किलोमीटर है। इस हाईवे पर करीब 15 स्थान ऐसे हैं जहां पर अवैध कट बने हुए हैं। इन कट से होकर लोग अक्सर सड़क पार करते हैं। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही हाईवे के किनारे जगह-जगह झाड़ियां उग आई हैं, जिसके कारण संकेतक दिखाई ही नहीं पड़ते हैं। इससे सफर में दिक्कत आ रही है।
आने वाले दिनों में कोहरे की शुरूआत होगी तो समस्या और बढ़ जाएगी। इसके बाद भी अभी तक न तो अवैध कट बंद किए और न ही झाड़ियों की कटाई की गई है। स्थिति यह है कि सरैया नवीन मंडी, मलोरना, बूधा, डीघा, दुर्गा मंदिर मगहर सहित कई स्थानों पर अवैध कट से लोग आ जा रहे हैं।
हालांकि प्रशासन ने पिछले माह हुई बैठक में अवैध कट बंद करने और झाड़ियों की कटाई के लिए निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं हुआ है। पिछले साल दिसंबर माह में नवीन मंडी के पास अवैध कट से सड़क पार करते समय एक महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद भी जिम्मेदार चेत नहीं रहे हैं।