एसी लगाने के लिए किया गया होल, शिकायत पर हुई जांच
गोरखपुर। जीडीए की तरफ से बीते मार्च में ही बनवाए गए गोरक्ष एन्क्लेव के कुछ आवंटियों ने फ्लैट के कॉलम और बीम में एसी लगवाने के लिए होल करवा दिया है। फ्लैट्स में आंतरिक सजावट (इंटीरियर वर्क्स) के नाम पर किए गए इस परिवर्तन पर जीडीए ने नाराजगी जताते हुए इसे बिल्डिंग की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि ऐसी शिकायतें मिलने के बाद निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ फ्लैट में एसी लगाने के लिए कॉलम व बीम में छेद किए जा रहे हैं, जिससे भवन की संरचना कमजोर हो रही है। तकनीकी दृष्टि से यह कार्य न केवल भवन की स्थायित्व क्षमता को घटाता है, बल्कि भविष्य में गंभीर हादसे का कारण भी बन सकता है। प्राधिकरण ने सभी आवंटियों से स्पष्ट कहा है कि भवन के किसी भी स्ट्रक्चरल एलिमेंट में तोड़-फोड़ या परिवर्तन गैरकानूनी है। ऐसे मामलों में उत्तरदायित्व तय करते हुए प्राधिकरण नियमानुसार कार्रवाई करेगा, जिसमें अर्थदंड से लेकर कानूनी कार्रवाई तक शामिल हो सकती है।