डीएम की संस्तुति के बाद शासन को भेजेंगे रिपोर्ट, स्वीकृति के बाद चौराहों पर लगेंगे पोस्टर
खाद्य सुरक्षा विभाग आंकड़े तैयार करने में जुटा
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग जिले के टॉप 10 मिलावटखारों की हिस्ट्रीशीट तैयार कर रहा है। इनकी सूची बनाकर डीएम से संस्तुति ली जाएगी। इसके बाद शासन में भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद मिलावटखोरों की फोटो चौराहों पर लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़े मिलावटखोरों की फोटो चौराहों पर लगाने के निर्देश दिए थे। अब खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामले में कार्रवाई के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। नमूने असुरक्षित और अधोमानक मिले हैं और जिन मामलों में सजा या जुर्माना लगाया गया है, उन्हें विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। शासन ने मिलावट के मामले में हुई कार्रवाई की भी रिपोर्ट मांगी है। खाद्य सुरक्षा विभाग के नियम के अंतर्गत मिलावटखोरी के गंभीर मामले में संबंधित कारोबारी के खर्च पर विज्ञापन प्रकाशित कराया जा सकता है, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया जाए, उसके मिलावटी खाद्य पदार्थ को खाने से क्या नुकसान है?
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मिलावट करने वालों का रिकॉर्ड विभाग में पहले से ही तैयार किया गया है। गंभीर मिलावट के मामले में सूची तैयार की जा रही है। डीएम की संस्तुति के बाद इसे शासन में भेजा जाएगा।