मोहद्दीपुर से टाउनहॉल तक जाने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर गिरा
मेन गेट से 15 मिनट तक बंद रही आवाजाही, तार के दोनों ओर घेरा बनाकर रहे गार्ड व कर्मी
अपराह्न 3:50 बजे से पौने दो घंटे ठप रही टाउनहॉल क्षेत्र की आपूर्ति, गर्मी से लोग हुए बेहाल
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मेन गेट के सामने बुधवार को अपराह्न बड़ा हादसा होते-होते रह गया। मोहद्दीपुर से टाउनहॉल उपकेंद्र पर जाने वाला हाइटेंशन तार तेज धमाके के साथ टूटकर गेट के सामने ही गिर गया। तार की चपेट में आने से डीडीयू के दो कर्मचारी बाल-बाल बच गए। धमाका इतना तेज था कि आस-पास भगदड़ मच गई।
डीडीयू के मेन गेट के सामने अपराह्न करीब 3:50 बजे 33 हजार वोल्ट का हाइटेंशन तार टूटकर गिर गया। दिन का समय होने के कारण परिसर में आवाजाही हो रही थी। इंजीनियरिंग सेक्शन के दो कर्मचारी संदीप कुमार और शिवशंकर गेट के पास पहुंचे थे, तभी तेज धमाके के साथ तार टूटकर उनके पीछे गिरा। धमाका इतना तेज था कि लोग इधर-उधर भागने लगे। गेट पर तैनात गार्डों ने बताया कि यदि दोनों कर्मचारी दो मीटर भी पीछे रहे होते तो उनके ऊपर ही तार गिर गया होता।
तेज धमाके के कारण लोगों की नजर गेट पर पड़ी तो मेन रोड पर यातायात रोक दिया गया। गार्डों ने मेन गेट बंद कर दिया। कर्मचारियों और गार्डों ने तार के चारों तरफ घेरा बनाकर लोगों को आगे बढ़ने से रोका। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। सप्लाई रोके जाने के कन्फर्मेशन के बाद तार को गेट के सामने से हटाया गया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक गेट के बाहर और अंदर लोग फंसे रहे। विकल्प के रूप में हिन्दी विभाग के सामने स्थित गेट को तब तक आवागमन के लिए खोल दिया गया।
...
पौने दो घंटे ठप रही टाउनहॉल क्षेत्र की आपूर्ति
हाइटेंशन तार टूटने के कारण टाउनहॉल क्षेत्र की आपूर्ति करीब पौने दो घंटे ठप रही। इस दौरान उस क्षेत्र के लोग गर्मी में बेहाल दिखे। शाम करीब साढ़े 5 बजे वैकल्पिक व्यवस्था से वहां बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। उधर, रात करीब साढ़े 9 बजे डीडीयू गेट के पास तार को ठीक कर लिया गया।
...
कोटओवरलोड के कारण तार टूटकर गिर गया था। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। एचटी लाइन को रात करीब साढ़े 9 बजे ठीक कर लिया गया। उससे पहले वैकल्पिक व्यवस्था से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।
अंकित कुमार, अधिशासी अभियंता, टाउनहॉल उपकेंद्र