गुलरिहा क्षेत्र में पांच मई की रात दो नकाबपोश ने छीन लिया था कैमरा व मोबाइल
गुलरिहा। महंगा कैमरा हड़पने के लिए पांच मई को फोटोग्राफर अंकित गुप्ता से लूट की साजिश उसके दोस्त ने ही रची थी। पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर फोटोग्राफर से हुई लूट का पर्दाफाश कर दिया। दोनों आरोपियों की पहचान हरसेवकपुर नंबर दो निवासी सचिन साहनी और मुकेश निषाद के रूप में हुई। आरोपियों के पास से पुलिस ने ढाई लाख रुपये की कीमत का कैमरा, बैग और मोबाइल बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भिजवा दिया। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश चल रही है।
घटना का पर्दाफाश करते हुए एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि महराजगंज जिले के पनियरा के सोनबरसा निवासी अंकित गुप्ता महंगे कैमरे से शादी समारोह में फोटो शूट करता है। कुछ दिन पूर्व एक शादी समारोह में अंकित की मुलाकात गुलरिहा क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर दो नरिया टोला निवासी मुकेश साहनी से हुई। मुकेश किराए पर कैमरा लेकर चलाता था। उसके कैमरे से फोटो अच्छे नहीं आते थे। इसलिए उसने परिचित अंकित से कैमरा लूटने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, उसने पहले अंकित से खूब बातचीत कर विश्वास जीता। पांच मई की रात शाहपुर के बिछिया कॉलोनी में एक शादी समारोह में दोनों की मुलाकात हुई। तब मुकेश साहनी ने शादी समारोह में फोटोग्राफी करने के बाद अंकित को शराब पीने के लिए तैयार कर लिया। गुलरिहा इलाके स्थित अपने घर पर मुकेश ने कैमरा रख दिया। इसके बाद अंकित के साथ शराब पीने लगा। मुकेश की योजना के मुताबिक, सचिन और उसके साथ एक अन्य युवक नकाब पहनकर बाइक से आए। वहां पर मुकेश को दो थप्पड़ मारकर नकली पिस्टल सटा दी, फिर अंकित का कैमरे वाला बैग छीनकर भाग गए।
इसके बाद मुकेश के साथ जाकर अंकित ने गुलरिहा पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस को पहले दिन से ही मुकेश पर शक था। सचिन की गिरफ्तारी के बाद उसकी पोल खुल गई। सचिन ने बताया कि मुकेश के कहने पर ही वह एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर लूट की थी।