गोरखपुर। लेक क्वीन क्रूज का बेवसाइट हैक कर फर्जी तरीके से टिकट बनाने का मामला सामने आया है। चार युवकों ने 12 हजार रुपये का टिकट मात्र एक रुपये में लेकर नए साल की पार्टी का लुत्फ उठाया और फरार हो गए। जांच में पता चला कि खाते में महज एक रुपये ही आए हैं। युवकों ने वेबसाइट को हैक कर लिया था। उस समय देखने पर 12 हजार रुपये का भुगतान दिख रहा था। पुलिस राजन समेत चार अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
गोरखनाथ इलाके के रामजानकीनगर निवासी क्रूज मालिक राजकुमार राय ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि क्रूज के टिकट की ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से बिक्री होती है। 31 दिसंबर को चार लड़के क्रूज पर आए। उन्होंने अपने मोबाइल में विवरण दिखाते हुए बताया कि राजन के नाम से चार ऑनलाइन टिकट बुक है। विवरण के आधार पर टिकट काउंटर से चार पास दे दिए गए।
बाद में सॉफ्टवेयर मैनेजर कलोल ने फोन कर बताया गया कि 31 दिसंबर को राजन कुमार ने क्रूज के वेबसाइट को हैक कर फर्जी तरीके से टिकट बुक कराया था। सिस्टम में भुगतान दिख रहा था, लेकिन वास्तव में प्रत्येक बुकिंग में केवल एक रुपये ही खाते में प्राप्त हुए। आशंका है कि आरोपियों ने पूर्व में भी इस तरह का फर्जीवाड़ा किया गया होगा।
वर्जन
ऑनलाइन जालसाजी के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-योगेंद्र सिंह, सीओ कैंट