नौसड़ व बाघागाड़ा में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर बृहस्पतिवार को आरटीओ व यातायात पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान छह बसें सीज की गईं तो 38 भारी वाहनों का चालान किया गया। इसके उपरांत चालकों को जागरूक करते हुए वाहनों को सड़क पर खड़ा न करने की अपील भी की।
पुलिस अधीक्षक यातायात संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटनाओं में कमी लाए जाने उद्देश्य से सड़क किनारे खड़े किए गए वाहनों, विशेष रूप से ट्रकों एवं बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसपी यातायात के साथ क्षेत्राधिकारी यातायात कमलेश कुमार सिंह, टीआई मनोज कुमार राय, अजीत कुमार पांडेय ने अभियान चलाया। अभियान के तहत सड़क किनारे नो पार्किंग में खड़े 112 ट्रक व बस को हटाया गया। इसमें छह बसों को सीज तथा 38 भारी वाहनों का चालान की कार्रवाई की गई। इसी तरह शहरी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 962 वाहनों का एमवीएक्ट की विभिन्न धाराओं में चालान किया। इन वाहनों से शमन शुल्क के रूप 42,500 जुर्माना वसूला गया। एसपी यातायात ने बताया कि कार्रवाई चलती रहेगी।
-
इंडस्ट्रियल एरिया मोड़ से बरगदवां तिराहा तक हटाया अतिक्रमण
यातायात व्यवस्था को लेकर बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं नगर निगम के प्रवर्तन दल ने अभियान चलाया। अभियान इंडस्ट्रियल एरिया मोड़ से बरगदवां तिराहा तक ठेला व खोमचा हटाया गया। अभियान के तहत 19 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसी तरह सड़क के किनारे नो पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। सड़क पर नो पार्किंग में खड़े 87 चार पहिया वाहनों व 194 दो पहिया वाहनों का चालान किया गया।