गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के हाटा बाजार क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। बाल विकास अधिकारी बनकर महिला प्रियंका को झांसा देकर उसके बैंक खाते से 41 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़िता ने गगहा थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घेवरपार निवासी प्रियंका ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लखनऊ से बाल विकास परियोजना का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके बच्चे के जन्म पर सरकारी डिलीवरी की रकम आई है। विश्वास में लेकर आरोपी ने महिला को मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही प्रियंका ने लिंक पर क्लिक किया, उनके यूको बैंक खाते से कुछ ही मिनटों में 41 हजार रुपये अलग-अलग किस्तों में कट गए। घटना का पता चलते ही उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और गगहा थाने में शिकायत दर्ज कराई। गगहा थाना प्रभारी सुनील कुमार चौरसिया कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर अपराधियों की तलाश की जा रही है।