गोरखपुर विश्वविद्यालय में पहली बार होगा विशेष ‘सुदक्ष पीएचडी उपाधि समारोह-2026’
गोरखपुर। वर्षों तक शोध, प्रयोग और अध्ययन में जुटे शोधार्थियों के इंतजार की घड़ी अब खत्म होने वाली है। गोरखपुर विश्वविद्यालय में 18 अगस्त को पीएचडी उपाधि समारोह आयोजित किया जाएगा। दीक्षा भवन में होने वाले पहले ‘सुदक्ष पीएचडी उपाधि समारोह-2026’ में 470 शोधार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन के निर्देश पर होने वाले इस विशेष समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह में शामिल होने वाले शोधार्थियों के लिए ड्रेस कोड से लेकर उत्तरीय लेने तक की व्यवस्था तय कर दी है। समारोह में शामिल होने वाले शोधार्थी 13, 14 और 17 अगस्त को लेखा विभाग के काउंटर पर निर्धारित शुल्क जमा कर संकायवार तय रंग का उत्तरीय प्राप्त कर सकेंगे। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, बोधगया के कुलपति प्रो. केएन सिंह बतौर मुख्य अतिथि शोधार्थियों को संबोधित करेंगे।
पीला रंग छात्राओं के लिए, ऑफ-व्हाइट में होंगे छात्र
समारोह की गरिमा बनाए रखने के लिए परिधान भी निर्धारित कर दिया गया है। पुरुष शिक्षक ऑफ-व्हाइट कुर्ता-पायजामा और महिला शिक्षक बॉर्डर वाली ऑफ-व्हाइट साड़ी पहनेंगी। वहीं पुरुष शोधार्थी सफेद या ऑफ-व्हाइट कुर्ता-पायजामा और छात्राएं पीले रंग की साड़ी में समारोह में शामिल होंगी।
पीएचडी केवल एक उपाधि नहीं बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन, जिज्ञासा और शोध के प्रति समर्पण का परिणाम है। विभिन्न विषयों में शोधार्थियों ने अपने शोध के माध्यम से ज्ञान के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समारोह उनके इसी योगदान को सम्मान देने का अवसर होगा। -प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, गोरखपुर विश्वविद्यालय