14 किमी लंबाई में दोहरीकरण और विद्युतीकरण का कार्य पूरा
गोरखपुर। भटनी-औंड़िहार रेल खंड के विद्युतीकरण सहित दोहरीकरण कार्य में तेजी आने लगी है। इसके तहत पिवकोल-लार रोड खंड (14.53 किमी) पर कार्य पूरा कर लिया गया है। उत्तर पूर्व सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त 25 मार्च को निरीक्षण करेंगे और स्पीड ट्रायल कर सुरक्षा के मानकों को परखेंगे।
भटनी-औंड़िहार खंड के दोहरीकरण का कार्य पूर्ण होने से गोरखपुर से वाराणसी-प्रयागराज दोहरीकृत रेल लाइनों से जुड़ जाएगा, जिससे लाइन क्षमता में बढ़ोतरी के साथ ट्रेनों का संचालन आसान होगा। इससे यात्रा समय में बचत होगी।
एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना के तहत कीड़िहरापुर-इंदारा, सदात-औंड़िहार, भटनी-पिवकोल, बेलथरा रोड-कीड़िहरापुर, दुल्लहपुर-सादात, मऊ-दुल्लहपुर खंडों सहित कुल 89 किमी का कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के अंतिम चरण में सलेमपुर-बेलथरा रोेड (13किमी) खंड के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसमें घाघरा नदी पर तुर्तीपार रेल पुल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।