खोराबार थाना क्षेत्र के चपवन गांव में शनिवार सुबह नौ बजे के करीब अकोलही स्थित शिव मंदिर के पास लगे हाइटेंशन टाॅवर पर युवक चढ़ गया। हालांकि उस दौरान उसमें आपूर्ति बाधित थी। मौजूद लोगों ने युवक को देखा तो शोर मचाते हुए परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। बताया जा रहा है कि परिजनों ने उसपर नौकरी करने का दबाव बनाया था। इससे नाराज होकर वह टॉवर पर चढ़ गया था। जानकारी के अनुसार, बेलवार चपवन निवासी सलीम शेख (24) पारिवारिक विवाद के चलते नाराज था।
बताया जा रहा है कि परिजन उसे नौकरी करने के लिए लगातार समझा रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। इसी नाराजगी में उसने घर से निकलकर मंदिर के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक को चढ़ा देख आसपास के लोगों की सांसें थम गईं, क्योंकि जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही खोराबार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों और युवक के परिजनों की मदद से उसे नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने का सिलसिला चलता रहा। पुलिस और परिवार के लोगों ने युवक को धैर्यपूर्वक समझाया और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्याओं का समाधान बातचीत से निकाला जाएगा।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। नीचे आते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते लोगों की नजर उस पर न पड़ती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वह परिवार से नाराज था और उसे समझाया गया है।