मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवाएं) बनाए गए नोडल अफसर
गोरखपुर। रेलवे के सभी तरह के साफ्टवेयरों की सुरक्षा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे में साइबर सिक्योरिटी सेल का गठन किया गया है। इसके साथ ही नोडल अफसर की तैनाती भी कर दी गई है। ये जिम्मेदारी पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवाएं) विजय कुमार को दी गई है। नोडल अफसर की टीम में दो डिप्टी और 10 से अधिक कर्मचारी भी तैनात कर दिए गए हैं।
साइबर सिक्योरिटी सेल में उन कर्मचारियों-अधिकारियों तैनात किया जाएगा जो रेलवे के डिजिटल बुनियादी ढांचे और संचालन को बढ़ते साइबर खतरों से बचाने के लिए प्रशिक्षित होंगे। इस सेल का उद्देश्य रेलवे की महत्वपूर्ण प्रणालियों को सुरक्षित करना, साइबर हमलों का पता लगाना और उन पर प्रतिक्रिया देना एवं रेलवे से संबंधित ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकना होगा। इस सेल को चलाने के लिए अलग से कार्यालय आवंटित हो गया है। जल्द ही ये पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। यह सेल कंट्रोल रूम की तरह 24 घंटे काम करेगा। यहां शिफ्ट वार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 8-8 घंटे की ड्यूटी होगी और हर शिफ्ट में कम से कम तीन कर्मचारी रहेंगे।