जाम से राहत की उम्मीद: इसी माह तैयार हो जाएगा देवरिया बाईपास-टीपीनगर फ्लाईओवर
निर्माण कार्य अंतिम चरण में, गर्डर के बीच भर रहे गैप, फिनिशिंग का काम तेज
गोरखपुर। देवरिया बाईपास से टीपीनगर तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। फ्लाईओवर पर गर्डर के बीच छोड़े गए गैप को भरने का काम तेजी से किया जा रहा है। फिनिशिंग के कार्यों में भी तेजी आ गई है। देवरिया बाईपास की तरफ एप्रोच का निर्माण पूरा होने के बाद अगले माह लोकार्पण की तैयारी है। एक माह में काम पूरा हो जाने की उम्मीद है। लोकार्पण के बाद वाहन फ्लाइओवर पर फर्राटा भरने लगेंगे और लोगों को जाम की मुश्किलों से थोड़ी राहत मिल जाएगी।
देवरिया बाईपास-टीपीनगर फ्लाईओवर के चालू होने से शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी इस मार्ग पर भारी वाहनों और शहर के भीतर जाने वाले ट्रैफिक के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद बाईपास से टीपीनगर और आगे शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को सीधा और सुगम मार्ग मिलेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
टीपीनगर की तरफ एप्रोच का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। वहीं, रुस्तमपुर तक गर्डर के बीच गैप को भी भर लिया गया है। इसके साथ ही पिलर की रंगाई-पुताई का भी काम जारी है। गैप भरने के बाद सड़क का निर्माण किया जाएगा। सेतु निगम के जीएम मिथिलेश कुमार ने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण को इसी माह पूरा करा लेने की तैयारी है। मार्च में इसका लोकार्पण कराया जाएगा।