महोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का होगा आगाज
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत खेल विभाग की ओर से होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आगाज बुधवार से होगा। पहले दिन प्रदेशस्तरीय हाॅफ मैराथन होगा, जिसमें प्रदेशभर से करीब 550 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
आरएसओ आले हैदर ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। खो-खो, बैडमिंटन, कबड्डी, बास्केटबाॅल, हाकी, हैंडबाल और फुटबाॅल समेत दर्जनभर खेल प्रतियोगिताओं में तकरीबन 1400 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। आठ जनवरी को रीजनल स्टेडियम में राज्यस्तरीय हाॅफ मैराथन से प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। 11 जनवरी को इसका समापन होगा।
उन्होंने बताया कि हॉफ मैराथन में 400 पुरुष और 150 महिला एथलीट ने पंजीकरण कराया है। बताया कि इस वर्ष पहली बार अन्य खेलों के अलावा खो-खो को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। हॉफ मैराथन को छोड़कर अन्य खेलों में सिर्फ गोरखपुर के खिलाड़ी शामिल होंगे। महोत्सव के अंतर्गत राज्यस्तरीय हाफ मैराथन (महिला व पुरुष) को छोड़कर सभी प्रतियोगिताएं जिलास्तरीय होंगी।