रेलवे बोर्ड से जल्द जारी होगा नया ट्रेन नंबर और शेड्यूल, किराया भी होगा कम
गोंडा, लखनऊ, कानपुर और भोपाल होकर चलती है यह स्पेशल ट्रेन
गोरखपुर। अब गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन भी नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। सात दिसंबर से इस ट्रेन का स्थाई रूप से संचलन शुरू हो जाएगा। ट्रेन नंबर में बदलाव होगा। जल्द ही इसकी भी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। नियमित एक्सप्रेस ट्रेन होने के बाद किराया भी 30 फीसदी कम हो जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने प्रयोग के तौर पर पूर्व में चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों को अब नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेन चलाने के बाद अब किसी तरह की बाधा नहीं है। इसके पहले रेल प्रशासन ने छपरा-अमृतसर स्पेशल को नियमित ट्रेन चलाने का शेड्यूल जारी किया था। अब गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल भी सात दिसंबर से नियमित ट्रेन के रूप में चलने लगेगी।
ट्रेन का समय और रेक संरचना पूर्ववत स्पेशल ट्रेन वाला ही रहेगा। आगामी छह दिसंबर तक ये ट्रेन स्पेशल के रूप में ही चलेगी। स्पेशल ट्रेन में किराया सामान्य ट्रेनों के किराए का 1.3 गुना अधिक लगता है। इसलिए इस ट्रेन के एक्सप्रेस हो जाने से किराया भी 30 फीसदी कम हो जाएगा। अभी ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलती है नियमित होने के बाद इसके फेरे भी बढ़ेंगे।
वर्तमान में इसका संचलन 02576/02575 नंबर से हो रहा है। ये ट्रेन गोरखपुर से सुबह 08:30 बजे प्रस्थान करती है। हैदराबाद तक पहुंचने में ये ट्रेन 33 घंटे का समय लेती है।