जौनपुर में आयोजित हुई दो दिवसीय अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता
वाराणसी को हराकर गोरखपुर मंडल ने प्राप्त किया तीसरा स्थान
गोरखपुर। प्रदेशीय सुब्रतो फुटबॉल कप प्रतियोगिता अंडर-15 का आयोजन 16 से 17 जुलाई तक जौनपुर में किया गया। इसमें गोरखपुर मंडल ने वाराणसी मंडल को 2-0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के पहले मैच में गोरखपुर से महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज की टीम ने पहले क्वार्टर फाइनल मैच में आगरा मंडल को 7-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मैच मेजर ध्यान चंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और गोरखपुर के बीच हुआ। इस रोमांचक मैच में गोरखपुर को टाई ब्रेकर में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तीसरे स्थान के लिए मैच वाराणसी से हुआ। इस मैच में गोरखपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। टीम ने प्रभारी अभय प्रताप सिंह, कोच अच्छेलाल व सहायक कोच संतोष सिंह के नेतृत्व में प्रतिभाग किया था।
टीम की इस उपलब्धि पर संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. अरुण सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव डॉ. अरुणेंद्र राय व जनपदीय क्रीड़ा सचिव संतोष सिंह आदि ने बधाई दी है।