पांच होटलों को नोटिस की तैयारी, उचित जवाब नहीं दिया तो सील होंगे या प्रशासन की निगरानी में चलाए जाएंगे
गोरखपुर। हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार के धंधे में घिरे शहर के पांच और होटलों के संचालकों को पुलिस नोटिस भेजने की तैयारी में है। इस खेल में शामिल होटल संचालक अगर सही जवाब नहीं दे पाए तो गलत गतिविधियों के बारे में प्रशासन को रिपोर्ट सौंपकर इन्हें सील करवाने या प्रशासन की निगरानी में चलाने की तैयारी है। गलत धंधा चलवा रहे इन होटलों में चार गीडा इलाके के हैं तो एक होटल शहर के बीचोंबीच मोहद्दीपुर का भी है।
दरअसल शाहपुर इलाके के हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा के मोबाइल के ह्वाट्सएप चैट की जांच के बाद देहव्यापार में लिप्त तीन आरोपियों के नाम सामने आए थे। उनसे पूछताछ और ह्वाट्सएप चैट से देह व्यापार की बात खुलकर सामने आईं और पांच नए होटलों के बारे में भी पता चला जहां लड़कियां भेजी जाती थीं। इन होटलों से जुड़े चैट पुलिस के सामने आए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
इसके साथ ही पांचों होटल संचालकों को धारा 18 के तहत नोटिस जारी करने की तैयारी है। इस नोटिस के तहत अगर जवाब सही नहीं मिला तो फिर होटल या तो बंद करना पड़ेगा या फिर अगले तीन साल तक प्रशासन की निगरानी में इसका संचालन होगा। इसमें आने वाले गेस्ट की सूची न सिर्फ साझा करनी होगी बल्कि इसका पूरा रिकार्ड हर वक्त के लिए रखना पड़ेगा।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नाम आए सामने
तीन आरोपियों राजन उर्फ वसीम अहमद पुत्र सलीम अहमद निवासी ग्राम उमरी अहरा थाना मुंडेरवा बस्ती, विमल विश्वकर्मा पुत्र गुड्डू विश्वकर्मा निवासी बरवा सरसंड थाना बघौली हरदोई और सूरज विश्वकर्मा पुत्र राकेश विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के बाद इन होटलों का नाम सामने आए हैं। तीनों के मोबाइल में 70 से अधिक लड़कियों के फोटो मिले हैं। कई चैट मिले हैं। एक चैट में आरोपी ने तीन लड़कियों के फोटो भेजकर अलग-अलग रेट भेजा है। तय होने पर लड़की को होटल में भेजने की बात हुई है।
अनुराग का दूसरा होटल भी मिला
फ्लाई इन टू होटल के हुक्का बार में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जब कार्रवाई शुरू की तो इस बीच फ्लाई इन-वन होटल का नाम भी सामने आया। जांच में पता चला कि यह होटल एम्स इलाके में टीबी अस्पताल के पास स्थित है। पुलिस ने यहां जांच शुरू की तो संचालक के तौर पर एक व्यक्ति मिला। जांच में पता चला कि यह होटल भी देह व्यापार के मामले में आरोपी अनुराग सिंह का ही है।
-
फोटो
लड़कियों को फांसने वाली रेशमा का नाम भी केस में दर्ज, प्रयागराज-महराजगंज में तलाश
हर दिन रील बनाकर करती थी पोस्ट, देह व्यापार में नाम सामने आने के बाद हो गई लापता
हुक्का बार में किशोारियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में वांछित रेशमा खान अब भी पकड़ से बाहर है, मगर पुलिस ने हुक्का बार प्रकरण में उसका नाम भी दर्ज करवा दिया है। पुलिस को उसकी अंतिम लोकेशन प्रयागराज में मिली थी। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है। पुलिस की टीमें उसकी प्रयागराज के अलावा महाराजगंज में तलाश रही है।
महराजगंज की रहने वाली रेशमा पर लड़कियों को फंसाकर देहव्यापार में ढकेलने का आरोप है। पहले हर दिन रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाली रेशमा ने इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली है।
पुलिस के मुताबिक रामगढ़ताल इलाके की किशोरी को रेशमा ही फंसाकर हुक्का बार तक लाई थी, जिसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। पुलिस के अनुसार रेशमा कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुकी है। उसके पकड़े जाने के बाद कई और बातें खुलकर सामने आएंगी। रेशमा पादरी बाजार इलाके में किराए पर रहती थी। इसके महाराजगंज स्थित घर का पता पुलिस को मिल गया है। अब उसके परिजनों से पूछताछ की जाएगी।
कोट-
देह व्यापार के धंधे से जुड़े पांच नए होटलों का नाम सामने आए हैं। इनके संचालक को नोटिस भेजकर पूछताछ की जा रही है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसकी रिपोर्ट प्रशासन को भी भेजी जाएगी।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी