पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने किया अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक
गोरखपुर। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने बृहस्पतिवार को तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन में अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने गोरखपुर में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने कहा कि बिजली निगम के हर कार्यों का थर्ड पार्टी जांच की जाए ताकि कार्यों की गुणवत्ता सही हो।
निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने बैठक में बिजनेस प्लान, आरडीएसएस कार्यों, स्मार्ट मीटरिंग के कार्यों एवं आगामी बिजनेस प्लान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बिजनेस प्लान में कार्यों के प्रगति की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन होना अनिवार्य है। कहा कि गोरखपुर शहर के लिए स्वीकृत 22 आरएमयू को उपयुक्त स्थान चिन्हित कर एक सिंगल लाइन डायग्राम बनाए जाए और उसे अनुमोदित कराकर ही स्थापित किया जाए। आरएमयू एक ऐसा उपकरण है जिसके माध्यम से एक फीडर के बंद होने पर दूसरे फीडर से विद्युत आपूर्ति दी जा सकती है। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए टेललेस यूनिट लगाने के साथ ही ट्रांसफॉर्मर पर मीटर लगाने के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में अधीक्षण अभियंता शहरी लोकेंद्र बहादुर सिंह एवं ग्रामीण क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता डीके सिंह, दीपक कुमार के साथ वितरण, परीक्षण, वर्कशॉप, स्टोर एवं माध्यमिक कार्य खंड के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।