ट्रेन में नहीं चढ़ सके 100 से ज्यादा यात्री, टिकट बनवाकर स्लीपर में रवाना हुए
गोरखपुर। दिवाली और छठ में घर आए लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में है। मंगलवार को गोरखनाथ एक्सप्रेस के चारों जनरल कोच मात्र 20 मिनट में ही यात्रियों से ठसाठस भर गई। शौचालय के पास तक खड़ा होने की जगह नहीं बची। करीब 100 से ज्यादा यात्री कोच में चढ़ नहीं पाए। उन्होंने मौके पर ही स्लीपर कोच का टिकट बनवाया और रवाना हुए।
मंगलवार को प्लेटफाॅर्म नंबर नौ से बनकर नई दिल्ली के रास्ते बठिंडा जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए यात्री सुबह 10 बजे से ही पहुंचने लगे। प्लेटफॉर्म पर ही लाइन लगाकर बैठ गए। ट्रेन आने के बाद आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को रोक लिया और लाइन लगवाकर चढ़ाया। 20 मिनट में ही कोच में चढ़ने की जगह नहीं बची।
इसी तरह दोपहर करीब 1:55 बजे बिहार से आने वाली लोहित एक्सप्रेस और दोपहर 2:30 बजे मुंबई जाने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पूजा स्पेशल में भी जबरदस्त भीड़ रही। किसी तरह यात्री सवार हो सके।
-
नहीं बनी खराब लिफ्ट
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पांच और छह तथा प्लेटफॉर्म एक पर लगी लिफ्ट मंगलवार को भी नहीं बन पाई। दोनों लिफ्ट के खराब होने से यात्रियों को काफी दिक्कतें हुई। महिलाओं और बुजुर्ग को फुट ओवर ब्रिज तक जाने के लिए सीढि़यां चढ़कर जाना पड़ा।