चोर समझकर युवक की पिटाई से मौत के मामले में गगहा थानेदार पर गिरी गाज
गोरखपुर। गगहा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुशील चौरसिया को युवक की पिटाई से हुई मौत के मामले में एसएसपी राजकरन नय्यर ने लाइनहाजिर कर दिया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर अंजुल चतुर्वेदी को गगहा थाने की कमान सौंपी गई है।
मामला 21 सितंबर का है, जब ठठौली निवासी 48 वर्षीय मुश्ताक अहमद की ग्रामीणों ने चोर समझकर बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इसके बाद घायल मुश्ताक की मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस ने इसे सड़क हादसे में मौत बताया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला पलट गया। जांच में सामने आया कि मुश्ताक की बाइक देवकली के पास लावारिस मिली थी और शव सड़क किनारे पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह चोट लगना पता चला। इसके बाद मृतक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विभागीय जांच के दौरान थानेदार सुशील चौरसिया की भूमिका संदिग्ध पाई गई। रिपोर्ट मिलने पर एसएसपी ने उन्हें लाइनहाजिर करने का निर्देश जारी किया।
एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि प्राथमिक जांच में थानेदार की लापरवाही और संदिग्ध भूमिका पाई गई है। इसलिए उन्हें लाइनहाजिर कर दिया गया है। गगहा थाने का प्रभार अब इंस्पेक्टर अंजुल चतुर्वेदी को दिया गया है।