चौरीचौरा। थाना क्षेत्र में शिवांश होटल के पास रविवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार संजय सिंह (38) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे में संजय की मोटरसाइकिल और हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गया।
नगर पंचायत चौरीचौरा निवासी संजय सिंह उर्फ प्रकाश मोटरसाइकिल से कस्बे से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे शिवांश होटल के पास पहुंचे, देवरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से भाग निकला। भागते समय उसने सड़क किनारे की कुछ दुकानों में भी टक्कर मारी। थानाप्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी नीलम सिंह की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस भागे आरोपी की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।