सहजनवां कस्बे की घटना, दो ठगों ने महिला को बनाया निशाना
सहजनवां। थाना क्षेत्र के घुरियापार निवासी गायत्री देवी शुक्रवार को सहजनवां कस्बे में अल्ट्रासाउंड कराने आई थी। जांच के बाद घर लौटते समय उन्हें दो ठगों ने झांसे में लेकर कान की बाली एवं मंगलसूत्र उतरवा लिया और मौके से भाग गए। मामले में महिला की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गायत्री देवी अल्ट्रासाउंड कराने के बाद दोपहर में सहजनवां थाने के पीछे स्थित पोखरे के पास ऑटो पकड़ने जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवक उनसे बातचीत करने लगे। दोनों ने एक निजी अस्पताल का पता पूछते हुए कहा कि आपकी तबीयत ठीक नहीं लग रही। हम लोग जेवर दूना करने (सोना बढ़ाने) का काम करते हैं। महिला ने पहले इंकार किया लेकिन ठगों के बहकावे में आकर उसने अपने कान की बाली और मंगलसूत्र निकाल दी। तभी एक युवक ने गुटखे की तरह कोई पदार्थ फूंक दिया, जिससे महिला का शरीर सुन्न पड़ने लगा और सिर चकराने लगा। जब तक वह संभलती, दोनों युवक मौके से भाग गए। कुछ देर बाद जब महिला को होश आया, तो उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और किसी तरह घर पहुंची। परिजनों के साथ वह बाद में सहजनवां थाने पहुंची और पूरी वारदात बताई। पीड़िता के मुताबिक, पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर घर जाने को कहा और मामले की कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस संबंध में एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।