गगहा थाने में पीड़ित ने दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच पड़ताल
गगहा। बेलघाट के एक व्यक्ति ने गगहा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी एक ही परिवार के चार लोगों पर इजराइल भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। गगहा थाने की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
बेलघाट के नरगड़ा जंगा सिंह गांव निवासी जयहिंद कुमार ने बताया कि ऑनलाइन विज्ञापन के माध्यम से इजराइल जाने के लिए आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज कोतवाली अंतर्गत सहदेवगंज इलाके में स्थित एक ऑफिस में संपर्क किया। यहां गगहा के मिश्रौली निवासी परिवार के चार लोगों से मुलाकात हुई।
आरोप है कि इजराइल जाने के लिए इन लोगों को एक लाख रुपये दिए थे। लेकिन न तो वीजा उपलब्ध कराया गया न ही रुपये वापस किया। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। गगहा पुलिस से मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। गगहा थानाध्यक्ष गौरव वर्मा का कहना है कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।