झुमिला बाजार। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर स्थित कुड़वाआम चौराहे पर रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गोला थाना क्षेत्र के बिसरा निवासी विनोद शर्मा और हरेंद्र यादव रविवार को बाइक से बड़हलगंज की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर से बड़हलगंज थाना क्षेत्र के पुष्कर निवासी अमित मौर्य, अमरजीत मौर्य और सोनू मौर्य अपनी बाइक से गोला की दिशा में जा रहे थे। कुड़वाआम चौराहे के पास दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में अमित मौर्य के सिर में गंभीर चोट आई हैं। जबकि दोनों बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों मौर्य युवक तीन दिन पहले अहमदाबाद से काली पूजा मनाने अपने गांव लौटे थे। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बड़हलगंज भेजा। कुछ घायलों को निजी वाहन से और कुछ को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।