32.11 करोड़ रुपये से बनेगा चार मंजिला प्राइवेट वार्ड
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के जर्जर हो चुके प्राइवेट वार्ड के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। शासन ने 32.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नये चार मंजिला प्राइवेट वार्ड के लिए पहली किस्त के रूप में 6.50 करोड़ रुपये जारी कर दी है। कॉलेज प्रबंधन ने पुराने भवन के ध्वस्तीकरण के लिए नया प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
नये प्राइवेट वार्ड में मरीजों के लिए 40 कमरे और रेजीडेंट डॉक्टरों के लिए भी 40 कमरे बनाए जाएंगे। इसके अलावा भूतल पर पार्किंग की सुविधा होगी। इस नये भवन के बन जाने से उन रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो प्राइवेट वार्ड का खर्च उठाने के बावजूद जनरल वार्ड में भर्ती होने को मजबूर हैं।
नेहरू अस्पताल के पूरब दिशा में स्थित मौजूदा प्राइवेट वार्ड में 32 कमरे थे, लेकिन 2019 से ही वह जर्जर घोषित हैं। इसके बाद से वहां रोगियों की भर्ती पूरी तरह बंद है। बार-बार शासन को पत्र भेजने के बावजूद ध्वस्तीकरण की स्वीकृति नहीं मिल पाने से अब तक निर्माण शुरू नहीं हो पाया था।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इस समय 1750 बेड हैं, लेकिन एक भी प्राइवेट वार्ड न होने से मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल ने बताया कि पहली किस्त जारी होने के बाद शासन को ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही पुराने भवन को गिराकर नए प्राइवेट वार्ड का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।