कुई बाजार। सिकरीगंज चौराहे पर स्थित राजेश कसौधन की कपड़े की दुकान में रात करीब नौ बजे आग लग गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया था। इस दौरान दुकान के अंदर रखे हजारों के कपड़े जल गए। सूचना मिलने के सवा घंटे के बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची।
मूलरूप से बांसगांव के रहने वाले राजेश कसौधन कई वर्षों से सिकरीगंज में मकान बनवाकर रह रहे हैं। चौराहे पर उनकी दो दुकानें हैं। इस दुकान में आग लगी उसे उन्होंने किराए पर ले रखा है। हर दिन की तरह राजेश शाम आठ बजे दुकान बंद कर चौराहे पर स्थित घर चले गए। साढ़े आठ बजे के करीब स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देख उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने तत्काल दमकल विभाग को सूचना देते हुए शटर खोला। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से आग पर काबू पा लिया। 9:15 बजे के करीब तीन वाहनों के साथ पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझा दी। दुकानदार के अनुसार आग शाॅर्ट सर्किट से लगी है।