आग में फंसी दो बहनों को ग्रामीणों ने बचाया, अगलगी देखकर बेहोश हुई व्यवसायी की पत्नी
उनवल। खजनी क्षेत्र के महिलवार गांव में शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे किराना व बीज की दुकान में आग लग गई। चपेट में आने से एक युवती झुलस गई। वहीं दो को ग्रामीणों ने बचा लिया। घटना को देख व्यवसायी की पत्नी बेहोश हो गई। व्यवसायी ने 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान का अनुमान जताया है।
व्यवसायी बद्री नाथ कसौधन के घर में ही किराना व बीज भंडार की दुकान है। शुक्रवार शाम उनकी दुकान में अचानक आग लग गई। अभी वह आग पर काबू पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से बेटी शशि कसौधन अपनी दो बहनों के साथ घिर गईं। इस पर गांव के कुछ युवकों ने दो को बचा लिया लेकिन शशि झुलस गईं। इधर, आग की घटना में बेटियों को घिरा देख व्यवसायी की पत्नी रीना कसौधन बेहोश हो गईं। झुलसी बेटी व मां की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के सहयोग से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग को बुझाने में तीन घंटे से अधिक समय लगा।