दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप, दर्ज कराया केस
केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
पिपरौली। नौसढ़ चौकी के समीप सरदार मोटर्स में चार पहिया वाहन के सर्विस को लेकर एजेंसी कर्मियों और वाहन मालिक के बीच मारपीट हो गई। घटना शुक्रवार की बतायी जा रही है। दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गीडा थाना के अमटौरा गांव निवासी सवेंद्र वीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने 30 अप्रैल को सर्विस के लिए महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी सरदार मोटर्स में जमा किया था। दो मई को जब गाड़ी वापस की गई तो फास्टैग के पास वाहन का शीशा क्रैक था। है। इसकी शिकायत दर्ज कराने सवेंद्र वीर सिंह के चाचा पशुपतिनाथ सिंह और उनके ड्राइवर चंदन शोरूम पर गए। दोनों पक्ष में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सवेंद्र वीर सिंह अपने दोस्त राहुल के साथ पहुंचे और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इसके बाद डायल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को अपनी समस्या से अवगत कराया। शनिवार को गीडा पुलिस ने सरदार मोटर्स के जनरल मैनेजर प्रवीण कुमार राय और उनके कर्मचारियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया।
उधर, सरदार मोटर्स के जनरल मैनेजर प्रवीण कुमार राय की तहरीर पर दूसरे पक्ष से चालक चंदन और उसके सहयोगियों पर भी तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।