गुलरिहा इलाके का मामला, दो गांव के लोग हुए आमने-सामने
10 से अधिक लोग घायल, 11 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
ग्रामीणों ने गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन किया जाम, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
गुलरिहा। इलाके के नरायनपुर टोला मोहम्मदपुर में शनिवार शाम मनबढ़ युवकों ने ढाई वर्ष के बच्चे को थप्पड़ मार दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दो गांव रकसड़वा और मोहम्मदपुर के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। आरोप है कि रविवार को बीट सिपाही की मौजूदगी में रविवार सुबह बनगाई टोला रकसड़वा गांव के मनबढ़ युवकों ने रास्ते से गुजर रहे दूसरे गांव के लोगों को बगीचे के पास घेरकर बुरी तरह मारे-पीटे। एक महिला समेत पांच का सिर फट गया। घायलों में दो को गंभीर चोट लगी है।
पुलिस की मौजूदगी में पिटाई से नाराज ग्रामीणों ने गुलरिहा थाना परिसर में पुलिस के विरोध में जमकर हंगामा किया। उसके बाद नरायनपुर गांव के दर्जनों महिलाएं व युवक गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन जाम कर दिया। करीब 10 मिनट तक सड़क पर हंगामा चलता रहा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और आवागमन शुरू कराया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के नरायनपुर टोला मोहम्मदपुर गांव के बगल से रिंग रोड का निर्माण हो रहा है। शाम के समय बनगाई टोला रकसड़वा गांव के कुछ युवक छिपकर शराब पीने आते हैं। शनिवार शाम पांच बजे छह युवक रिंग रोड के पास पहुंचे तो नरायनपुर गांव के छोटे-छोटे बच्चे वहीं खेल रहे थे। बच्चों को डांटकर किसी युवक ने भगाने की कोशिश की तो एक बच्चे ने जवाब दे दिया। इससे नाराज मनबढ़ ने ढाई वर्षीय सिद्धार्थ को पीट दिया।
उलाहना देने बच्चे के मामा विंद्रेश गया तो उसको पीटते हुए मनबढ़ अपने गांव उठा ले गए। गांव निवासी सचिन छुड़ाने गया तो मनबढ़ ईंट से सिर फोड़ दिए। उसके बाद दोनों गांव के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि रकसड़वा के मनबढ़ रात आठ बजे गांव में घुसकर उत्पात मचाने लगे। इतना ही नहीं रविवार सुबह नरायनपुर टोला मोहम्मदपुर निवासी भोला अपने मित्र बृजमोहन के साथ अपनी बुआ सीमा को घर छोड़ने जा रहा था। आरोप है कि मनबढ़ों ने बंगला गांव के पास बगीचे में तीनों को मारपीट कर घायल कर दिया। मनबढ़ों ने बीट सिपाही की मौजूदगी में राहगीरों से गांव पूछकर पीटा। गांव के राजू, राहुल, अखिलेश, रमेश, विनय और भोला घायल हो गए। रमेश, सचिन, बृजमोहन, राजू और सीमा का सिर फट गया।
पुलिस की मौजूदगी में मारपीट से नाराज नरायनपुर टोला मोहम्मदपुर गांव की दर्जनों महिलाएं व युवक लिखित तहरीर लेकर गुलरिहा थाने पहुंचे। जहां पुलिस से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तब विरोध में ग्रामीण थाना परिसर में नारेबाजी करने लगे और करीब सुबह 11 बजे थाने के सामने गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन की दोनों पटरी जाम कर दी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नरायनपुर टोला मोहम्मदपुर निवासी राहुल निषाद की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।