गीडा इलाके का मामला, पुलिस कर रही छानबीन
गीडा। जिस बेटे को पालने-पोसने और पढ़ाने में पिता ने अपनी जिंदगी खपा दी, आज वही बेटा उनको प्रताड़ित कर रहा है। पीड़ित पिता ने गीडा थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गीडा थाना क्षेत्र के नगवा निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने तहरीर के जरिये बताया कि उनका बड़ा बेटा और बहू आए दिन उनसे गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। आरोप है कि उनका बेटा शराब का आदी है। 23 जून को भी बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर उन्हें और उनकी पत्नी को भद्दी गालियां दीं और मारपीट की। पीड़ित पिता ने उस दिन भी थाने में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने से बेटे-बहू की प्रताड़ना बढ़ गई।
बुजुर्ग संतोष ने बताया कि उनकी पत्नी बीमार हैं। इलाज शहर के एक निजी डॉक्टर के यहां चल रहा है। ऐसे में आए दिन प्रताड़ना से वे और उनकी पत्नी परेशान हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने जीवनभर परिवार के लिए संघर्ष किया। बच्चों की खुशियों के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया लेकिन बुढ़ापे में वही बेटा बोझ समझकर उन्हें अपमानित कर रहा है। मामले पर गीडा थाना निरीक्षक अश्वनी पांडेय का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद