पूछताछ में कई और आरोपियों के आए नाम, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप में गगहा पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन वांछित आरोपियों को क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। तीनों पर माता-पिता का नाम बदलकर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान गगहा के करनराय बलकुर गांव के सुधीर यादव, नेवादा गांव के जीवन सिंह यादव और कोठा निवासी अजय कुमार यादव के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों से पूछताछ कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पासपोर्ट ऑफिस से तीनों आरोपियों की शिकायत मिली थी कि ये फर्जीवाड़ा कर अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए हैं। पुलिस ने जांच कर साक्ष्य मिलने पर तीनों पर विगत दिनों केस दर्ज कराया था। आरोप है कि तीनों ने विदेश जाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाए थे। पुलिस की पूछताछ में फर्जीवाड़ा करने वाले अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनके बारे में भी जांच पड़ताल कर रही है।