देवरिया का रहने वाला है युवक, किराने की दुकान नहीं चली तो बन गया नकली फूड इंस्पेक्टर
गोरखपुर। शिवपुर गोरक्षनगर निवासी एक किराना दुकानदार बुधवार को नकली फूड इंस्पेक्टर बनकर भक्ता में राजकुमार की आइसक्रीम फैक्टरी में पहुंचकर जांच के नाम पर संचालक को फटकारने लगा। संचालक ने शक होने पर डायल 112 पर फोन किया। एम्स पुलिस उसे थाने पर ले आई। पूछताछ में उसने बताया कि सस्ता आइसक्रीम खाने के लिए उसने झूठ बोला था। तहरीर नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र दुबे का शांतिभंग में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देवरिया के रहने वाले देवेंद्र दुबे शिवपुर गोरक्षनगर में लोन लेकर किराना की दुकान खोली थी। आरोप है कि दुकान नहीं चली तो वह खाद्य सुरक्षा विभाग में पकड़ होने का हवाला देकर लोगों को जांच कराने की धमकी देकर वसूली करता था। बुधवार को वह आइसक्रीम फैक्टरी में पहुंचा तो संचालक को शक हुआ। संचालक राजकुमार ने पहले खाद्य सुरक्षा विभाग में कॉल कर देवेंद्र की फोटो भेजी। देखने के बाद अधिकारियों ने उसे विभाग का नहीं होना बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
दो दिन पहले भी की थी वसूली
दो दिन पहले भी उसने दिव्यनगर में एक आइसक्रीम फैक्टरी की जांच की थी और सील करने के साथ ही कई नमूने फेल होने के बाद जेल भेजने की चेतावनी देते हुए हजारों रुपये की वसूली की थी। संचालक ने इसकी फोटो खींच ली थी। इसके जाने के बाद जब फोटो खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को दी गई तो उन्होंने पहचानने से इंकार कर दिया। तभी से अधिकारी भी नकली फूड इंस्पेक्टर की तलाश में जुटे हुए थे। एम्स थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में उसने सस्ता आइसक्रीम खाने के लालच में फूड इंस्पेक्टर बनने की बात कही। साक्ष्य और तहरीर नहीं मिलने पर उसका शांतिभंग में चालान किया गया है।
वर्जन...
नकली फूड इंस्पेक्टर की तलाश की जा रही थी। बुधवार को जैसे ही उसके मिलने की जानकारी हुई टीम को मौके पर भेजा गया। यदि कोई खुद को फूड इंस्पेक्टर बनाकर जाकर जांच करता है तो उसकी बारे में सूचना खाद्य सुरक्षा में औषधि प्रशासन से जरूर दें।
- डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य