अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट से मंगलवार रात 11 बजे आपूर्ति हुई थी बाधित, बुधवार दोपहर 12 बजे आई बिजली
तिवारीपुर में तीन घंटे लोगों ने झेली परेशानी, महादेवपुरम में भी घंटों गुल रही बिजली
गोरखपुर। बसंतपुर में मंगलवार देर रात अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट से बिजली गुल हो गई, जो बुधवार दोपहर 12 बजे आई। ऐसा ही कुछ हाल तिवारीपुर, रुस्तमपुर, महादेवपुरम, बिछिया का रहा। इस दौरान उपभोक्ता संबंधित बिजली घर में फोन लगाते रहे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बिजली न रहने से लोगों ने काफी परेशानी झेली।
लालडिग्गी के बसंतपुर फीडर से जुड़े क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 11 बजे अंडरग्राउंड केबल ब्लास्ट कर गया। इसके वजह से करीब 400 घरों में अंधेरा हो गया। किसी तरह उपभोक्ताओं ने रात गुजारी। सुबह बिजलीकर्मियों ने फाल्ट खोज कर सही किया। करीब 12 बजे दिन में बिजली बहाल हुई।
तिवारीपुर में रात करीब 10 बजे ट्रांसफाॅर्मर डैमेज होने के बाद इसे बदलने में कर्मचारी लग गए थे। इसको लेकर उपभोक्ता सड़क पर भी उतरे थे। रात लगभग एक बजे के बाद नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल की गई। बक्शीपुर के अधिशासी अभियंता अतुल रघुवंशी ने बताया कि रात में ही ट्रांसफार्मर बदल दिया गया। उन्होंने बताया कि लोड के हिसाब से ही ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाता है। उपभोक्ता लोड से ज्यादा बिजली उपभोग कर रहे हैं। बढ़े लोड की जानकारी बिजली निगम को नहीं होने से बिजली निगम ट्रांसफाॅर्मरों का लोड नहीं बढ़ा पा रहा। इससे ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। उपभोक्ताओं को जागरुक होना होगा।
इंजीनियरिंग कॉलेज के पास महादेवपुरम में रात करीब 11:30 बजे एक पोल पर बंच केबल में आग लग गई। जबकि बिछिया में तो ओवरलोड से क्षेत्र के चार ट्रांसफाॅर्मर बंद हो गए। इसकी वजह से करीब 800 घरों की बिजली गुल हो गई। इसे रात में ही दुरुस्त करवाकर भोर में करीब 3 बजे बिजली बहाल कर दी गई। साथ ही सुबह केबल को बदल दिया गया। बिछिया में हुए फाल्ट को लेकर बताया कि ओवरलोड की वजह से ट्रांसफाॅर्मर बंद हो गए थे, जिसे रात में ही दुरुस्त करवा दिया गया था।
इसके साथ ही रुस्तमपुर और पादरी बाजार में भी रात भर बिजली आती जाती रही। अधीक्षण अभियंता शहरी ई. लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को अपने लोड की जानकारी निगम को देनी होगी। ताकि लोड के हिसाब से ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता भी बढ़ाई जाए।