जिला अस्पताल में मशीन खराब होने से पांच साल से नहीं हो रही थी इको जांच, आई नई मशीन
एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी जांच की सुविधा, निजी अस्पताल से छह गुना सस्ता मिलेगा इलाज
गोरखपुर। जिला अस्पताल के ह्दय रोगियों की जांच फिर से शुरू हो सकेगी। लंबे इंतजार के बाद कार्डियालॉजी विभाग में अब हृदय रोग की जांच के लिए इको यानी इकोकार्डियोग्राफी मशीन की सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। यह सुविधा शुरू होने से जिला अस्पताल में महज 300 रुपये में मरीज इको जांच करा सकेंगे। जबकि निजी पैथालॉजी में इसी जांच के लिए 2,000 रुपये तक देने पड़ते हैं।
इको जांच हृदय रोग की शुरुआती पहचान के लिए बेहद जरूरी होता है। पुरानी मशीनें खराब होने की वजह से जिला अस्पताल के मरीजों को पांच वर्षों से यह सुविधा नहीं मिल रही थी। मरीजों को निजी केंद्रों में 1700-2000 रुपये में इको जांच करानी पड़ती थी। जिला अस्पताल में करीब 300 रुपये में यह जांच कर ली जाती है। अब एक नई मशीन जिला अस्पताल को मिल चुकी हैं और एक सप्ताह के भीतर जांच सेवा शुरू होने की तैयारी की जा रही है। एसआईसी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि शासन की ओर से इको जांच के लिए नई मशीन प्राप्त हुई है। इसके इंस्टालेशन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही जांच शुरू कर दी जाएगी।