मलबे में दबे पांच ग्रामीणों को बाहर निकालकर पहुंचाया गया अस्पताल, हालत गंभीर
झंगहा क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर दो स्थित बलुघट्टा में बृहस्पतिवार दोपहर की घटना
ब्रह्मपुर (गोरखपुर)। झंगहा थाना क्षेत्र के ग्राम जंगलरसूलपुर नंबर दो स्थित बलुघट्टा में बृहस्पतिवार दोपहर सरकारी राशन वितरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बगल में स्थित दोमंजिला मकान की दीवार का हिस्सा अचानक गिरने से राशन लेने पहुंचे ग्रामीण मलबे की चपेट में आ गए। मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे कोटेदार लोरिक निषाद राशन वितरण कर रहे थे। गांव की दो दर्जन से अधिक महिलाएं और पुरुष कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पास में स्थित कोटेदार के छोटे भाई संवरू के दोमंजिला मकान की दीवार का कुछ हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। मलबा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद छह लोग लोग दब गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। उन्हें सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने लाल बिहारी निषाद की पत्नी कमलावती देवी (50) को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामदुलारे मौर्य (62), राधिका (60), गीता (62), रामबेलास प्रजापति (70) और उषा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमलावती का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कमलावती की दो बेटियां मुराती और लीलावती हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि राशन वितरण के दौरान बगल के दोमंजिला मकान की दीवार का हिस्सा गिरने से हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।