होलिका जलने वाले प्रमुख स्थानों और जुलूस वाले सभी रास्तों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
कंट्रोल रूम से होगी सभी प्रमुख व संवेदनशील स्थानों की निगरानी
गोरखपुर। होली के दिन जुलूस वाले प्रमुख रास्तों पर ड्रोन उड़ाकर अराजक तत्वों पर नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों और होलिका दहन वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। जहां भी पुराने कैमरे लगे हैं, सत्यापन कर उनकी मरम्मत कराई जाए ताकि कंट्रोल रूम से सभी स्थानों की निगरानी की जा सके। थाना स्तर पर प्रस्तावित हिस्ट्रीशीटर और होली में हुड़दंग करने वाले अराजक तत्वों पर भी कार्रवाई की जाए।
होली और ईद को सकुशल संपन्न कराने के संबंध में शुक्रवार को आयोजित गोष्ठी में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने ये आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी, एसपी साउथ, एसपी नार्थ, सभी सीओ और थानेदार मौजूद रहे। सभी सीओ व थाना प्रभारी को निर्देशित किया है कि होलिका दहन आयोजकों, जुलूस व मसान होली के आयोजकों, डीजे संचालकों और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की मीटिंग की जाए। होलिका दहन वाले स्थान के नोडल नियुक्त किए जाएं। सभी नोडल अधिकारी संवेदनशील स्थानों व होलिका दहन के स्थानों का भौतिक सत्यापन करें।
-
635 स्थानों पर होगा होलिका दहन
शहर के गोलघर, अग्रसेन तिराहा, पांडेयहाता मोड़ सहित अन्य प्रमुख जगहों पर होलिका स्थापित कर दी गई है। कुल 635 स्थानों पर होलिका जलाई जाएगी। इसके लिए लोग लकड़ी सहित अन्य सामग्री जुटाने लगे हैं। इसलिए पुलिस भी सक्रिय हो गई है। इन जगहों पर वर्तमान में क्या स्थिति है, आसपास कोई मकान तो नहीं बन गया है समेत कई बिंदुओं पर पुलिसकर्मी जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होलिका दहन के संबंध में जानकारी जुटाकर ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गुलरिहा में सर्वाधिक होलिका स्थल
शहर में सबसे ज्यादा होलिका दहन के 143 स्थल गुलरिहा थाना क्षेत्र में हैं। दूसरे स्थान पर खोराबार थाना क्षेत्र में 116 जगहों पर होलिका जलेगी। एम्स में 79, शाहपुर में 64,रामगढ़ताल क्षेत्र में 55, गोरखनाथ में 41, राजघाट में 38, तिवारीपुर में 35, कोतवाली में 35 और कैंट क्षेत्र में 29 जगहों पर होलिका दहन किया जाएगा।