नगर निगम ने जारी किया टेंडर, अगले महीने तक पूरा करा लिया जाएगा काम
20 से 25 हजार की आबादी को मिलेगा लाभ
गोरखपुर। शहर के चार वार्डों के पांच हजार घरों के 20 से 25 हजार की आबादी को पेयजल की समस्या से निजात मिलने वाली है। नगर निगम यहां एक हजार मीटर लंबाई में पानी की पाइपलाइन बिछवाने जा रहा है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
शहर में मकानों के संख्या तेजी के साथ बढ़ती जा रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में कई ऐसे घर हैं, जहां पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कुछ इलाके ऐसे भी हैं, जहां पाइपलाइन काफी पुरानी हो जाने की वजह से सही ढंग से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। शहर के चार वार्डों में ऐसी समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या को देखते हुए नगर निगम के द्वारा पाइपलाइन विस्तार और बदलने को स्वीकृति दी गई है।
शहर के वार्ड 44 में बसंतपुर मछली गली में करीब 312 मीटर लंबाई में पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा। वहीं, वार्ड 12 के अशोक नगर में डाॅ. बीडी मिश्रा के मकान के पास की विभिन्न गलियों में 178 मीटर लंबाई में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वार्ड 80 में राप्तीनगर के रामजानकीनगर में रमाशंकर सिंह के मकान से ओमप्रकाश पांडेय के मकान तक 120 मीटर लंबाई में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा वार्ड 76 में गोलू शर्मा के मकान तक करीब 221 मीटर लंबाई में पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
कोट
शहर के वार्डों में पेयजल की समस्या को देखते हुए पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा। टेंडर जारी कर दिया गया है। वर्कआर्डर जारी होने के एक महीने की भीतर पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा करा लिया जाएगा।
रघुवेंद्र कुमार, महाप्रबंधक, जलकल