गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में रबी विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत मंडल में गेहूं क्रय की समीक्षा की गई। लक्ष्य के सापेक्ष कम खरीद पर सख्त नाराजगी जताई। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं क्रय करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर खरीद पर लापरवाही पाए जाने पर केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। कहा कि मंडल के सभी जनपद की सीमा पर एन्फोर्समेंट टीम के साथ पैनी नजर रखें। ताकि गेहूं का अवैध रूप से निर्यात अन्य प्रदेश/ जनपदों में न किया जा सके।
मंडलायुक्त ने सभी केंद्रों के प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों से संपर्क स्वयं करें, किसी भी केंद्र में बिचौलियों की संलिप्तता पाई गई तो उस केंद्र के प्रभारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रों के प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
मंडलायुक्त ने नोडल अधिकारियों को कंट्रोल रूम की निगरानी करने का निर्देश देते हुए कहा कि कंट्रोल रूम का संचालन प्रभावी ढंग से हो। किसानों के संपर्क करने पर उनकी समस्याओं का निदान तत्काल प्रभाव से किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों का भुगतान 48 घंटे के अंदर करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीईओ गीडा/संभागीय खाद्य नियंत्रक अनुज मलिक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही वीडियो कांफ्रेंसिंग से कुशीनगर, देवरिया तथा महराजगंज के अपर जिलाधिकारी गण व अन्य संबंधित अधिकारी गण जुड़े रहे।