नमाज शुरू होने से लेकर समाप्ति तक वाहनों की रहेगी रोक
यातायात पुलिस रूट डायवर्जन का कराएगी अनुपालन
गोरखपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज सुबह 6 बजे से शहर के विभिन्न मस्जिदों व जामा मस्जिदों में अदा की जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में डायवर्जन किया है। एसपी यातायात संजय कुमार ने बताया कि जामा मस्जिद घंटाघर की तरफ से शाहमारूफ जाने वाले रास्ते पर नमाज शुरु होने से समाप्ति तक सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
अलहदादपुर की तरफ से घंटाघर की तरफ रायगंज होते हुए सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। नार्मल टैक्सी स्टैंड से घंटाघर के मार्ग पर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसी तरह रेती चौराहे से घंटाघर की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इलाहीबाग चौराहा से बहरामपुर बंधे की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे। बरफखाना से आने वाले भारी वाहनों को शहर में आने से रोक कर लालडिग्गी बंधा की ओर मोड़ दिया जाएगा। अलीनगर चौराहा से हजारीपुर जाने वाले वाहनों को विजय चौराहा या तरंग टॉकीज की ओर से निकाला जाएगा। जटाशंकर की तरफ से हजारीपुर की तरफ आने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
टीपीनगर चौराहा से नार्मल टैक्सी स्टैंड से तुर्कमानपुर व घंटाघर एवं घोष कंपनी की तरफ आने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसी तरह हुमायुंपुर ओवरब्रिज, तरंग चौराहा से अलीनगर चौराहा की ओर व्यवसायिक वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। करमचंद चौराहा से बहरामपुर जाने वाले वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। हुमायुंपुर ओवरब्रिज के उपर से सवारी गाड़ी को गोरखनाथ की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। फरेंदा से गोरखपुर आने वाले सभी वाहनों को बरगदवां तिराहे से गोरखनाथ मंदिर की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। उनका आवागमन इंडस्टि्रयल मोड़, खजांची चौराहा, असुरन चौराहा, मोहद्दीपुर ओवरब्रिज होते हुए होगा। गोरखपुर से फरेंदा की ओर जाने वाली गाड़ियां रेलवे स्टेशन विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, चारफाटक ओवरब्रिज होते हुए जेल बाईपास असुरन चौराहा खजांची होते हुए बरगदवां होकर जाएंगी।