सभी विभागों के बीच अंतर समन्वय के लिए हुई बैठक
हर विभाग को बताई गई उसकी जिम्मेदारी, संपर्क में रहेंगे एक दूसरे के
गोरखपुर। बार्डर पर बढ़े तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने की तैयारी कर ली है। इसके लिए जिला स्तरीय अफसरों के बीच समन्वय को लेकर बैठक हुई है। सभी अफसरों को एक दूसरे का मोबाइल नंबर रखने और अपने विभाग से संबंधित सभी तैयारियों को पूरी कर डीएम को अवगत कराने को कहा गया है।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में जिले में शांति, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं को बनाए रखना है। बैठक में जिले में उपलब्ध संसाधन, वाहन, पेट्रोल, डीजल, खाद्यान्न आदि के भंडारण, सुगम आवागमन समेत सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। हर विभाग को आपातकालीन सेवाएं बनाने के लिए तैयारी करने को कहा गया है। डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि यह सामान्य बैठक थी। हर महीने ऐसी तैयारी रहती है। हमारे पास पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न, डीजल, पेट्रोल व अन्य जरूरी सामानों की उपलब्धता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में है।