पुलिया के पास फैला है नाले का कचरा, ताल की खूबसूरती को कर रहा प्रभावित
रिंग रोड के किनारे ताल में ड्रेजिंग कराने की है तैयारी
गोरखपुर। शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल इन दिनों गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। रिंग रोड के किनारे और पुलिया के पास नाले का कचरा जमा हो गया है, जिससे न सिर्फ ताल की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि आसपास की हवा में भी दुर्गंध फैल रही है।
पैडलेगंज चौराहे के पास जलनिगम का पंपिंग स्टेशन है। वहीं, पर एक पुलिया है जहां से मोहल्लों का पानी ताल में जाता है। इस जगह पर काफी ज्यादा गंदगी फैल गई है। नौका विहार की तरफ जाते समय यह गंदगी दिख रही है। इसके साथ ही सहारा एस्टेट की तरफ भी ताल में गंदगी है। पानी में गंदगी के कारण ताल का जल धीरे-धीरे प्रदूषित होता जा रहा है। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि यह स्थिति यदि बनी रही तो ताल के जलीय जीवन और उसकी पारिस्थितिकी पर बुरा असर पड़ेगा।
बिलंदपुर के संदीप सिंह ने बताया कि शाम को सैर के लिए आने वाले लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। ताल की सुंदरता और स्वच्छता गोरखपुर की पहचान है लेकिन कचरे के ढेर ने इसका स्वरूप बिगाड़ दिया है।
निकाली जाएगी गाद
रामगढ़ताल किनारे नौका विहार पार्ट टू का लोकार्पण हो चुका है। उसके सामने अभी जलकुंभी मौजूद है, जिससे ताल की खूबसूरती प्रभावित हो रही है। जीडीए ने हाल ही में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से डी-वीडिंग मशीन खरीदी है। पुरानी मशीन खराब हो जाने से प्राधिकरण को मैनुअली जलकुंभी की सफाई करनी पड़ रही थी। इससे श्रम, समय और धन तो खर्च होता ही था सफाई भी ठीक से नहीं हो पाती थी। यह मशीन पानी में जाकर जलकुंभी को साफ कर रही है लेकिन किनारे की तरफ थोड़ी जलकुंभी बच जा रही है। वहीं, पैडलेगंज के पास गंदगी की वजह से ताल की परत ऊपर तक आ गई है। इसके लिए वहां से गाद निकलवाई जाएगी। ताल के अन्य किनारों पर जहां भी गाद है उसके लिए जीडीए एक प्रस्ताव तैयार कर रहा है।