गोरखपुर। एबीवीपी के अधिवेशन के अंतिम दिन रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही और राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। नई कार्यकारिणी में महाराष्ट्र के देवदत्त जोशी राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री बनाए गए हैं। वे अब तक पश्चिम क्षेत्र (मुंबई) के क्षेत्रीय संगठन मंत्री थे। उन्होंने प्रफुल्ल कांत की जगह ली है। प्रफुल्ल कांत अब वनवासी कल्याण आश्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री बनाए गए हैं।
देवदत्त जोशी के नाम की घोषणा के साथ ही अब सह संगठन मंत्रियों की संख्या तीन हो गई है। एस. बालकृष्ण और गोविंद नायक एबीवीपी में सह संगठन मंत्री बने रहेंगे। इसके अलावा विभिन्न आयामों और गतिविधियों के प्रमुख और संयोजकों के नाम भी घोषित कर दिए गए हैं। हर्ष अत्री नए राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाए गए हैं। अब तक यह दायित्व अमेठी के आशुतोष सिंह संभाल रहे थे। विपिन गुप्ता पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री बनाए गए हैं।
ये बने उपाध्यक्ष और मंत्री
प्रो. एम. नागलिंग (कासरगोड, केरल), प्रो. मंदार भानुशे, (मुंबई, कोकण), डॉ आशुतोष मंडावी (रायपुर, छत्तीसगढ़) और डॉ सुरभिबेन दवे (जामनगर, गुजरात) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा नई कार्यकारिणी में भी 8 मंत्री बनाए गए हैं। इनमें अयोध्या के अंकित शुक्ल, गाजियाबाद की क्षमा शर्मा, धर्मशाला के राहुल राणा, दिल्ली की शिवांगी खरवाल, विदिशा की शालिनी वर्मा, भाग्यनगर के श्रवण बी. राज, शिलांग के कमलेश सिंह और चंडीगढ़ के आदित्य तकियार भी राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं।