- जीडीए ने बकाएदारों के खिलाफ शुरू की कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) बकाएदारों के खिलाफ सख्त हो गया है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर शनिवार को ओएसडी प्रखर उत्तम की अगुवाई में अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न आवासीय योजनाओं (मासिक किस्त) के बड़े बकाएदारों से बकाया किस्तों की वसूली की गई। भुगतान न करने पर निरस्तीकरण की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
ओएसडी प्रखर उत्तम, सहायक संपत्ति अधिकारी सत्येंद्र सिंह, यशवंत सिंह, योजना लिपिक मुन्ना शर्मा, शिवकुमार पांडेय, राममणि और कनक कुमार वर्मा के साथ सबसे पहले लेक व्यू अपार्टमेंट के सबसे बड़े बकाएदार बजरंग पांडेय के पास पहुंचे। बकाया जमा करने की अपील की जिस पर उन्होंने तत्काल 10 लाख रुपये की राशि जमा की और शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से चुकाने के लिए समय मांगा। अन्य बकाएदारों रामबुझारत दुबे, सचिन गुप्ता और अभिषेक कुमार को भी जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में वसुंधरा एन्क्लेव फेज प्रथम के प्रमुख बकाएदार रमाशंकर यादव, त्रिलोकी नाथ, राकेश चौधरी, सत्यवती देवी, अभिजीत सिंह, ब्रह्मदेव यादव और सुदामा प्रसाद के घरों पर जाकर टीम ने बकाया भुगतान के निर्देश दिए। वर्तमान में जीडीए की रिपोर्ट के अनुसार, लेक व्यू अपार्टमेंट में चार, वसुंधरा फेज प्रथम में सात, फेज द्वितीय में तीन और यशोधरा कुंज में कुल 34 बकाएदार हैं।
ओएसडी प्रखर उत्तम ने कहा कि अभियान लगातार चलाया जाएगा। नियमों के तहत सभी बकाएदारों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।