पांच नवंबर को मनाई जाएगी देव दीपावली
गोरखपुर। देव दीपावली पांच नवंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दिन पवित्र नदियों, घाटों पर दीपोत्सव का कार्यक्रम किया जाएगा। वहीं इस दिन सिद्धि योग होने से और भी शुभ संयोग बन रहा है। देव दिवाली कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है।
पंडित शरद चंद्र मिश्र के अनुसार, सभी पूर्णिमाओं में कार्तिक पूर्णिमा को बहुत ही पवित्र माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान कर इच्छानुसार दान करते हैं। बताया जाता है कि इस दिन देवता धरती पर उतरते हैं। इसलिए देव दीपावली होती है।
ज्योतिर्विद पंडित जोखन पांडेय ने बताया कि मान्यता है कि तीनों लोकों में त्रिपुराशूर राक्षस का राज चलता था। देवताओं ने भगवान शिव के समक्ष त्रिपुराशूर राक्षस से उद्धार की विनती की। भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन राक्षस का वध कर उसके अत्याचारों से सभी को मुक्त कराया और त्रिपुरारि कहलाए। देवताओं ने स्वर्गलोक में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया था, तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाई जाने लगी। बताया जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने धर्म मत्स्यावतार लिया था।