झंगहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, सोशल मीडिया के जरिये शिनाख्त की कोशिश
झंगहा। थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव के पास गोर्रा नदी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने 40 वर्षीय महिला का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई कि महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। महिला के शरीर पर पीले रंग की साड़ी, गले में रुद्राक्ष की माला और दोनों हाथों में लाल रंग की चूड़ियां थीं। महिला के शरीर में रस्सी से मिट्टी की दो हड़िया बंधी हुई थीं, जबकि ब्लाउज गायब था। इस आधार पर हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार दोपहर नदी किनारे चरवाहों ने सबसे पहले शव देखा और गांव में सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। थाना प्रभारी झंगहा जयंत कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों में महिला का हुलिया और विवरण भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।