सत्र 2025-26 की अंतिम सूची में कुछ शिक्षकों के वरिष्ठता क्रम में बदलाव की चर्चा
सात जुलाई को जारी हुई थी अनंतिम सूची, एक महीने में आईं थीं लगभग 20 आपत्तियां
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित वरिष्ठता सूची बनकर लगभग तैयार है। चर्चा है कि एक-दो दिनों में सूची जारी हो सकती है। सूची में कुछ शिक्षकों के वरिष्ठता क्रम में बदलाव की भी चर्चा है। वरिष्ठता सूची के तैयार होने की खबर शुक्रवार को प्रशासनिक भवन के गलियारे से लेकर कैंपस तक में चर्चा का विषय रही।
डीडीयू में बीते सात जुलाई को प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी की गई थी। तब किसी भी तरह की आपत्ति के लिए शिक्षकों को एक महीने का समय दिया गया था। उस दौरान विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के लगभग 20 शिक्षकों ने आपत्ति जताई थी। एक महीने की निर्धारित अवधि अगस्त में बीत जाने के बाद से ही सत्र 2025-26 की अंतिम वरिष्ठता सूची का शिक्षक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कार्य परिषद सदस्य ने खोेल दिया था मोर्चा
विधि विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर और तत्कालीन कार्य परिषद सदस्य डॉ. वेद प्रकाश राय ने वरिष्ठता सूची जारी किए जाने को लेकर मोर्चा खोल दिया था। कार्य परिषद सदस्य के रूप में उन्होंने अगस्त से अक्तूबर 2024 के बीच डीडीयू प्रशासन को पांच बार पत्र लिखा था। डीडीयू प्रशासन की ओर से वरिष्ठता सूची उपलब्ध नहीं कराए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने शासन से इसकी शिकायत की थी। शासन ने जल्द इसके निस्तारण के लिए दिशा-निर्देश जारी किया था।
चार साल बाद आएगी वरिष्ठता सूची
इससे पूर्व, दिसंबर 2021 में तत्कालीन कुलपति प्रो. राजेश सिंह के कार्यकाल में शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारित कर अंतिम सूची जारी की गई थी। उस समय भी वरिष्ठता निर्धारण में विसंगति के आरोप लगे थे। हर वर्ष वरिष्ठता सूची जारी होनी चाहिए लेकिन अब चार वर्ष बाद यह सूची जारी होगी।
-
कोट
सत्र 2025-26 के लिए शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची बनकर लगभग तैयार है। कुछ औपचारिकताओं के बाद एक-दो दिन में सूची जारी कर दी जाएगी।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू